यह सच है कि स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं का समाधान पानी में ही छिपा हुआ है. अच्छी सेहत के लिए पानी पीना बहुत ज़रुरी है। शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा होने से शरीर के सभी अंग सुचारु रुप से काम करते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि सुबह गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर पीने की बजाय सिर्फ सादा गर्म पानी पीना ही वजन कम करने में सहायक है साथ ही साथ इसके कई और फायदे भी हैं।

वजन घटाने में सहायक : रोजाना सुबह सिर्फ एक गिलास गर्म पानी पीने से पेट के सारे हानिकारक टॉक्सिन बाहर निकल जाते हैं और पेट लम्बे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। जिसकी वजह से आप बेवजह कुछ खाने से बच जाते हैं। रोजाना ऐसा करने से जल्दी ही वजन कम होने लगता है।

साइनस से आराम : साइनस के कारण कई दिनों तक नाक बंद और सिरदर्द की समस्या बनी रहती है। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि सुबह एक गिलास गर्म पानी पीने से साइनस के लक्षणों में असरदार तरीके से कमी आती है और जल्दी आराम मिलता है।

दांतों के लिए फायदेमंद : अगर आप रोजाना सुबह गर्म पानी पीने की आदत डाल लें तो इससे आपके दांत लम्बे समय तक स्वस्थ रह सकते हैं। गर्म पानी पीते समय इस बात का ध्यान हमेशा रखें कि पानी का तापमान इतना रहे जिससे वो मसूड़ों और इनेमल (दांतों की ऊपरी परत) को नुकसान ना पहुंचाए।

पाचन तंत्र में सहायक : गर्म पानी पीने से रक्त वाहिकाएं चौड़ी हो जाती है और आंतों में रक्त प्रवाह बढ़ जाता है जिससे पाचन तंत्र और बेहतर तरीके से काम करने लगता है। इसके अलावा सुबह खाली पेट गर्म पानी पीने से शौच की प्रक्रिया भी काफी आसान हो जाती है।

दर्द से आराम : गर्म पानी पीना दर्द से आराम दिलाने में भी सहायक है, खासतौर पर अगर आप पेट संबंधित दर्द से परेशान हैं तो गर्म पानी असरदार तरीके से दर्द को कम करती है। कई बार कम पानी पीने से शरीर की मांसपेशियां सिकुड़ जाती हैं और कई अन्य अंगों में दर्द होने लगता है। ऐसे में गर्म पानी पीने से बहुत जल्दी आराम मिलता है।

इसलिए अगली बार सुबह सोकर उठते ही चाय या कॉफ़ी की बजाय एक गिलास गर्म पानी पियें और स्वस्थ रहें।