भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज मुकाबले का दूसरा दिन है।

पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 177 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम एक विकेट पर 77 रन बना चुकी है।

दूसरे दिन कप्तान रोहित और रविचंद्रन अश्विन अपनी पारी आगे बढ़ाना चाहेंगे। रोहित अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और लंबी पारी खेलकर टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में पहुंचाना चाहेंगे। वहीं, अश्विन भी अच्छी बल्लेबाजी कर बल्ले से भी उपयोगी योगदान देने की कोशिश करेंगे।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। दो रन के स्कोर पर टीम के दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए। इसके बाद स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने 82 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला, लेकिन जडेजा ने एक ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट में ढकेल दिया।

दूसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज अच्छी साझेदारी कर टीम इंडिया को अच्छी बढ़त दिलाना चाहेंगे।

एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। कप्तान रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन के बीच बेहतरीन साझेदारी हो रही है।

118 रन के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा है। रविचंद्रन अश्विन 62 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दौ चौके और एक छक्का लगाया।

135 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। टॉड मर्फी ने चेतेश्वर पुजारा को स्कॉट बोलैंड के हाथों कैच कराया। पुजारा ने 14 गेंद में सात रन बनाए।

भारत का स्कोर तीन विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है। कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और अच्छे से रन बना रहे हैं।

151 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। विराट कोहली 26 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टॉड मर्फी की गेंद पर विकेटकीपर कैरी ने उनका कैच पकड़ा।

दूसरे दिन पहले सत्र का खेल खत्म होने तक भारत ने तीन विकेट पर 151 रन बनाए। दूसरे सत्र का खेल जारी है।